गुरुग्राम में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना एक बाइक चालक को भारी पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस की जांच में एक मोटरसाइकिल पर 80 चालान पेंडिंग मिले। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब लाखों में है। लंबित चालानों के चलते पुलिस ने बाइक को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लंबे समय से चालान जमा नहीं करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही है।

जांच में नहीं दिखा पाया कोई दस्तावेज
जोनल अधिकारी अग्रसेन चौक ASI प्रीतम अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को रोककर चालक से वाहन के जरूरी दस्तावेज मांगे। चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इसके बाद पुलिस ने वाहन के रिकॉर्ड की जांच की तो सामने आया कि बाइक पर कुल 80 चालान लंबित हैं।
बिना हेलमेट और नंबर प्लेट के भी चालान
पुलिस के मुताबिक, बाइक पर लंबित चालानों में ज्यादातर मामले बिना हेलमेट, बिना प्रदूषण प्रमाण-पत्र और बिना नंबर प्लेट से जुड़े हैं। इसके अलावा मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत भी चालान किए गए थे। सभी लंबित चालानों की कुल राशि ₹2,60,000 बताई गई है। लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया और निर्धारित पार्किंग में खड़ा करा दिया।
पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें। इनमें वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक कागजात शामिल हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि वाहन चालकों को अपने लंबित चालानों की जानकारी लेकर उनका समय पर भुगतान करना चाहिए। ट्रैफिक नियमों का पालन न केवल चालान से बचने के लिए, बल्कि खुद और दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
