गुरुग्राम के फुटपाथों पर अब GMDA की नजर! रोज होगा हिसाब-किताब

शहर में पैदल चलने वाले लोगों के लिए फुटपाथों को बेहतर बनाने की दिशा में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने बड़ा कदम उठाया है। अब फुटपाथों की मरम्मत और उनकी स्थिति की रोजाना फील्ड स्तर पर निगरानी की जाएगी। GMDA के CEO पीसी मीणा ने इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों के साथ बैठक कर फुटपाथों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

हर दिन देना होगा हिसाब
पीसी मीणा ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी कार्यकारी अभियंता खुद फील्ड में जाकर अपने क्षेत्र के फुटपाथों की स्थिति देखें और जरूरी जगहों पर मरम्मत करवाएं। हर कार्यकारी अभियंता को रोजाना यह जानकारी देनी होगी कि उसके क्षेत्र में कितने किलोमीटर फुटपाथ की मरम्मत पूरी हुई और अगले दिन कितने किलोमीटर का लक्ष्य रखा गया है। फुटपाथ रिपेयर के काम की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी।

फुटपाथ के लिए पेड़ काटने की अनुमति नहीं
GMDA CEO ने साफ कर दिया है कि फुटपाथ बनाने या सुधारने के नाम पर पेड़ों की कटाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर किसी जगह पेड़ फुटपाथ के रास्ते में आता है तो डिजाइन को जरूरत के अनुसार घुमाया जाएगा, लेकिन पेड़ को नुकसान नहीं पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ही ग्रीन बेल्ट को व्यवस्थित करने और मौजूदा हरियाली को बचाने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

रोड का काम हुआ तो फुटपाथ भी ठीक करना होगा
बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि जहां सड़क पर काम या रोड गली बनाई जा रही है, वहां फुटपाथ को टूटा हुआ न छोड़ा जाए। सड़क का काम होने के साथ ही फुटपाथ को भी दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा मैनहोल का लेवल सड़क और फुटपाथ के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पैदल यात्रियों को परेशानी न हो।

फुटपाथ बनाने से पहले लेना होगा अप्रूवल
बैठक में सामने आया कि कई जगह डेवलपर या बिल्डर फुटपाथ बनाते समय मैनहोल को ढक देते हैं। बाद में मैनहोल की लोकेशन ढूंढने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए CEO ने निर्देश दिया कि भविष्य में ROW (Right of Way) में कोई भी डेवलपर या बिल्डर फुटपाथ बनाएगा तो उसे GMDA से मंजूरी लेनी होगी। संबंधित इंजीनियर फुटपाथ का क्रॉस-सेक्शन भी जांचेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि फुटपाथ और मैनहोल की अलाइनमेंट सही हो। इससे भविष्य में मैनहोल की लोकेशन आसानी से पता चल सकेगी और रखरखाव के दौरान भी परेशानी नहीं होगी।

पैदल यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
GMDA के इस फैसले का सीधा फायदा शहर में पैदल चलने वाले लोगों को मिलने की उम्मीद है। फुटपाथों की नियमित निगरानी, समयबद्ध मरम्मत और ग्रीन बेल्ट के संरक्षण से शहर में पैदल यात्रियों के लिए बेहतर और सुरक्षित रास्ते तैयार किए जा सकेंगे।

More From Author

एक बाइक और 80 चालान! जुर्माना सुनकर रह जाएंगे हैरान

सोशल मीडिया की बदमाशी पर ब्रेक! गुरुग्राम पुलिस ने चलाया ऑपरेशन?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *