गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बड़ा ट्विस्ट! आरोपी कल्याण बैंसला के भाई ने जारी किया बयान

गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में अब एक और बड़ा मोड़ सामने आया है। मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के भाई मनजीत बैंसला ने बयान जारी कर सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स और कुछ मीडिया चैनलों पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को लेकर सोशल मीडिया और यूट्यूब पर ऐसे कंटेंट प्रसारित किए जा रहे हैं, जो उनकी सामाजिक छवि को प्रभावित कर सकते हैं।

कंटेंट क्रिएटर्स को दी चेतावनी
मनजीत बैंसला ने अपने बयान में कहा कि गुरुग्राम गोल्फ कोर्स रोड पर हुई घटना की जांच SIT कर रही है और उन्हें जांच एजेंसियों तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि मामले में सच जांच के बाद सामने आएगा और न्यायालय ही दोष तय करेगा।उन्होंने कंटेंट क्रिएटर्स को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके भाई के खिलाफ मानहानिकारक और पूर्वाग्रहपूर्ण टिप्पणियों वाला डिजिटल कंटेंट लगातार प्रसारित किया जाता रहा, तो परिवार कानूनी कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगा।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 13 सितंबर 2026 को गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर सिया के साथ कार की टक्कर का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आया। पुलिस ने जांच के बाद राजस्थान के दौसा से कल्याण बैंसला को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास समेत कई धाराएं जोड़ी हैं। पुलिस की जांच में सामने आए CCTV और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टक्कर को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं।

वहीं, आरोपी कल्याण बैंसला ने अपने पक्ष में कहा है कि टक्कर जानबूझकर नहीं हुई थी। उसका दावा है कि बाइकर्स के कारण स्थिति बिगड़ी और वह कार पर नियंत्रण नहीं रख पाया। उसने यह भी कहा था कि मौके पर रुकने पर उसे और उसके साथ मौजूद लोगों पर हमला होने का डर था। अब आरोपी के भाई मनजीत बैंसला के इस बयान के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है।

एक तरफ पुलिस जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है, वहीं दूसरी तरफ परिवार ने सोशल मीडिया पर चल रहे कथित मीडिया ट्रायल को लेकर कानूनी कदम उठाने की बात कही है। मामले में अंतिम सच जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

More From Author

80 की स्पीड से दौड़ने वाली मेट्रो के रास्ते में आए 77 मोड़, जानें क्यों घटेगी मेट्रो की रफ्तार

10-15 मिनट का जाम होगा खत्म ? आरडी सिटी चौक पर बनेगा फ्लाईओवर-अंडरपास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *