गुरुग्राम में अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बसई से गढ़ी रोड से काबू किया। आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ चेता (25), निवासी पटौदी, गुरुग्राम और करमजीत उर्फ कैंडी (27), निवासी गांव दुल्हेड़ा, झज्जर के रूप में हुई है।
18 हजार रुपये में खरीदा था देसी कट्टा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अंकित के कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद दोनों के खिलाफ थाना सेक्टर-10 गुरुग्राम में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अंकित के पास से बरामद हथियार उसे आरोपी करमजीत ने 18 हजार रुपये में दिया था। इसके बाद पुलिस जांच का फोकस हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी करमजीत पर भी गया।
दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई केस
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
अंकित उर्फ चेता के खिलाफ गुरुग्राम में पहले से हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 4 मामले दर्ज बताए गए हैं।
वहीं, करमजीत उर्फ कैंडी के खिलाफ गुरुग्राम में हत्या, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में 5 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा रोहतक में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला दर्ज बताया गया है।
हथियार कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
अवैध हथियार की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। खास तौर पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियार कहां से आया और क्या आरोपी किसी बड़े अवैध हथियार नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है और अभियोग अभी अनुसंधानाधीन है।
