गुरुग्राम के कृष्णा कॉलोनी की गली नंबर-5 में घरों के अंदर सीवरयुक्त पानी आने से लोग परेशान हैं। पिछले 10 दिनों से लगातार बनी इस समस्या के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरों में आ रहे पानी से दुर्गंध आती है, जिसके चलते इसका इस्तेमाल पीने और खाना बनाने के लिए नहीं किया जा सकता।
दूषित पानी की सप्लाई से लोगों को बीमारियां फैलने का डर सता रहा है। लोगों का आरोप है कि नगर निगम की ओर से पेयजल लाइन अधूरी बिछाई गई है। समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें अपनी जेब से पैसे खर्च कर पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।

टैंकर के पानी पर निर्भर हुए लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घरों में आने वाला पानी इतना दूषित है कि उसका इस्तेमाल रोजमर्रा के कामों में करना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में परिवारों को पीने और खाना बनाने के लिए टैंकर के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पेयजल आपूर्ति की जिम्मेदारी नगर निगम की है। इसके बावजूद पिछले 10 दिनों से समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से जल्द जांच कराने और साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
पार्षद ने क्या कहा?
वार्ड पार्षद विजय परमार ने बताया कि कृष्णा कॉलोनी की गली नंबर-5 में पेयजल की अलग लाइन बिछाई जा चुकी है। इसके बावजूद घरों में सीवरयुक्त पानी आने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम को बुलाकर मामले की जांच करवाई जाएगी और समस्या का समाधान कराया जाएगा। अब स्थानीय लोगों को इंतजार है कि दूषित पानी की सप्लाई कब बंद होगी और उन्हें कब तक साफ पेयजल मिल पाएगा।
