गुरुग्राम में जमीन को लेकर क्यों हुआ खूनी खेल!

गुरुग्राम फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के पातली गांव में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक हो गया। खेत में परिवार के साथ काम कर रहे लोगों पर 30–40 लोगों द्वारा लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। घटना में शिकायतकर्ता पक्ष के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। शिकायतकर्ता पक्ष का दावा है कि संबंधित जमीन को लेकर करीब दो साल से कोर्ट का स्टे भी है। आरोप है कि इसके बावजूद जमीन पर कब्जे की कोशिश की गई।

परिवार पर हमला करने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, परिवार के कुछ लोग खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान दिनेश, अजय और शिवम समेत करीब 30–40 लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर लाठी-डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कई लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

जवाबी कार्रवाई में गाड़ियों में तोड़फोड़
विवाद के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि जवाबी कार्रवाई में दूसरे पक्ष की गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त गाड़ियों को बरामद किया है।

कोर्ट के स्टे के बावजूद कब्जे की कोशिश का दावा
शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि जमीन को लेकर अदालत में मामला चल रहा है और पिछले करीब दो साल से स्टे ऑर्डर है। वहीं, पुलिस अब जमीन से जुड़े दस्तावेजों और कोर्ट के आदेश की जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि जमीन पर किस पक्ष का दावा और अधिकार है। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी एसएचओ महेंद्र सिंह के अनुसार, जमीन से जुड़े दस्तावेज और कोर्ट के स्टे ऑर्डर की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की नजर बनी हुई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।

More From Author

पुलिस को देखते ही फ्लाईओवर से छलांग! आखिर किस वारदात की तैयारी में थे आरोपी?

गुरुग्राम में लाखों की चोरी का खुलासा ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *