पुलिस को देखते ही फ्लाईओवर से छलांग! आखिर किस वारदात की तैयारी में थे आरोपी?

गुरुग्राम में अपराध शाखा फरुखनगर की टीम ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से विदेशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आई जानकारी ने पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

अलग-अलग जगहों से पकड़े गए आरोपी
अपराध शाखा की टीम ने कार्रवाई करते हुए अभय को गढ़ी फ्लाईओवर, न्यू पटौदी-गुरुग्राम रोड के पास से पकड़ा। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय उर्फ मौलड (20), जतिन उर्फ जोनी (29) और सागर के रूप में हुई है। वहीं जतिन को फरुखनगर और सागर को KPM, फरुखनगर से काबू किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से PX China Made की 2 विदेशी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद थाना सेक्टर-10, गुरुग्राम में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस से बचने के लिए फ्लाईओवर से कूदा आरोपी
कार्रवाई के दौरान मामला उस वक्त और दिलचस्प हो गया, जब आरोपी सागर ने पुलिस से बचने की कोशिश में फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के कारण उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार किया जाएगा।

आखिर हथियार कहां से आए?
पूछताछ में पुलिस को हथियारों की सप्लाई को लेकर अहम जानकारी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अभय को हथियार जतिन ने उपलब्ध कराए थे, जबकि जतिन को ये हथियार उसके अन्य साथियों से मिलने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन हथियारों का असली स्रोत क्या है और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।

दिल्ली में वारदात की थी तैयारी?
पुलिस की शुरुआती जांच में एक और गंभीर बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने अन्य साथियों के संपर्क में थे और उनके कहने पर अवैध वसूली/रंगदारी के लिए रेकी करते थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर दिल्ली में किसी वारदात को अंजाम देकर भय का माहौल पैदा करने की योजना बना रहे थे। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच अभी जारी है और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

अब किसकी तलाश में पुलिस?
गुरुग्राम पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का फोकस अवैध हथियारों के स्रोत, सप्लाई चैन और आरोपियों के संपर्क में रहे अन्य लोगों पर है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों और हथियार सप्लाई करने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी जतिन के खिलाफ दिल्ली में एक्साइज एक्ट के तहत पहले भी एक मामला दर्ज रहा है।

फिलहाल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है। 2 विदेशी पिस्टल, 5 कारतूस और कथित रंगदारी की रेकी से जुड़े इनपुट के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस नेटवर्क के पीछे और कितने लोग हैं और हथियार आखिर कहां से पहुंच रहे थे।

More From Author

TDI ग्रुप पर ED का शिकंजा, 3 दिन की रेड में क्या-क्या मिला?

गुरुग्राम में जमीन को लेकर क्यों हुआ खूनी खेल!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *