गुरुग्राम में टला बड़ा हादसा! NH-48 पर टूटी 33 हजार वोल्ट की बिजली लाइन, हाईवे पर मची अफरा-तफरी

दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे (NH-48) पर शनिवार को कुछ सेकंड की चूक बड़ा हादसा बन सकती थी। गुरुग्राम के नरसिंहपुर के पास अचानक 33 हजार वोल्ट (33KV) की हाईटेंशन बिजली लाइन टूटकर सीधे हाईवे पर गिर गई। हाईवे पर दौड़ रहे वाहन अचानक रुक गए और देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गनीमत रही कि जिस समय बिजली का तार सड़क पर गिरा, उस वक्त उसकी चपेट में कोई वाहन नहीं आया। वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।

कुछ ही मिनटों में हाईवे बना पार्किंग

तार गिरते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक रोक दिया। इसका असर इतना बड़ा हुआ कि नरसिंहपुर से लेकर राजीव चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

कार, बस, ट्रक और बाइक सवार घंटों जाम में फंसे रहे। भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग अपनी गाड़ियों से उतरकर जाम खुलने का इंतजार करते दिखाई दिए।

दिल्ली जाने वाली लेन करनी पड़ी बंद

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सबसे पहले बिजली सप्लाई बंद कराई गई, ताकि कोई हादसा न हो।

इसके बाद कर्मचारियों ने हाईवे पर गिरे हाईटेंशन तार को हटाने का काम शुरू किया। मरम्मत कार्य के दौरान जयपुर से दिल्ली जाने वाली लेन को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, जिससे ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया।

पुलिस ने जारी की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की कि जब तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो जाता, वे वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और किसी भी हालत में टूटे हुए बिजली के तार के पास न जाएं।

राहत की बात…

इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी राहत यह रही कि किसी के घायल होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली। बिजली विभाग ने तेजी से लाइन दुरुस्त करने का काम पूरा किया, जिसके बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य होने लगा।

More From Author

ड्राइवर-हेल्पर घायल पड़े रहे… लेकिन लोगों की नजर सिर्फ इन पर थी!

शराब के नशे में थार चलाकर मारी थी टक्कर… अब पुलिस ने दबोच लिया!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *