गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के गांव निबोठ में दोस्ती को शर्मसार करने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही दोस्त के घर पहुंचकर 10 लाख रुपये की मांग कर डाली। जब दोस्त ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने देसी कट्टा निकालकर उसकी छाती पर तान दिया और गोली चलाने की कोशिश की। हालांकि कट्टा मिसफायर हो गया, जिससे पीड़ित की जान बच गई। घटना के बाद आरोपी हथियार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

घर पहुंचते ही मांगे 10 लाख रुपये
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, गांव निबोठ निवासी बिबती ने बताया कि वह अपने पति कृपाल और बेटे के साथ घर पर थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला नरेंद्र उनके घर आया। बातचीत के दौरान उसने अचानक 10 लाख रुपये की मांग कर दी।
जब कृपाल ने रुपये देने से मना किया तो आरोपी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
छाती पर ताना कट्टा, गोली चलाने की कोशिश
शिकायत के अनुसार, नरेंद्र ने जेब से देसी कट्टा निकाला और सीधे कृपाल की छाती पर तान दिया। आरोपी ने कृपाल और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी। परिवार ने विरोध किया तो उसने गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत से कट्टा मिसफायर हो गया। अगर हथियार चल जाता तो घटना जानलेवा साबित हो सकती थी।
हथियार छोड़कर मौके से भागा आरोपी
गोली नहीं चलने के बाद आरोपी घबरा गया और अपना देसी कट्टा वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज
जांच अधिकारी चौकी प्रभारी रोहित सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी नरेंद्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 25(1-B)(a) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 115(1), 308(4), 333 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
