PG संचालक को सिर में मारी गोली… आखिर पैसों के विवाद में किसने रची साजिश?

गुरुग्राम के आचार्य पुरी इलाके में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय PG संचालक हेमंत कौशिक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी, जिसके बाद वह घर के बाहर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग घायल हेमंत को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

दो युवक मिलने पहुंचे, बातचीत के दौरान हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, हेमंत कौशिक सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद पिछले कुछ वर्षों से सेक्टर-14 इलाके में PG का संचालन कर रहे थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे दो युवक उनसे मिलने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। इसी दौरान आरोप है कि युवकों ने पिस्टल निकाली और हेमंत के सिर में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस और क्राइम ब्रांच ने शुरू की जांच

गोली चलने की सूचना मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

इसके साथ ही पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन से जुड़ा विवाद सामने आया है। हालांकि, हमले की सही वजह और आरोपियों की पहचान पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और लेनदेन से जुड़े विवाद के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।

More From Author

सुशांत लोक के बाद अब इन कॉलोनियों की बारी! प्रशासन ने कसा शिकंजा

गुरुग्राम की सड़कों पर गड्ढे बने मुसीबत, बारिश के बाद बढ़ा हादसों और जाम का खतरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *