शहर में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक चले अभियान के दौरान कुल 36,518 चालान किए गए। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान 18,837 चालान मैदानी स्तर पर, जबकि 17,681 चालान कैमरों के माध्यम से किए गए। पुलिस ने रॉंग साइड ड्राइविंग, बिना हेल्मेट, बिना सीट बेल्ट, रॉंग पार्किंग, लेन बदलने, ओवरस्पीडिंग और ड्रंकन ड्राइविंग समेत कई यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की।

लेन चेंज के सबसे ज्यादा चालान
मैदानी स्तर पर किए गए चालानों में रॉंग साइड ड्राइविंग के 1,486, ड्राइवर के बिना हेल्मेट के 1,331, रॉंग पार्किंग के 1,127 और लेन चेंज के 1,047 चालान शामिल हैं। इसके अलावा पिलियन राइडर बिना हेल्मेट के 960, ड्रंकन ड्राइविंग के 311, ट्रिपल राइडिंग के 260 और ओवरस्पीड के 141 चालान किए गए। कैमरों के जरिए की गई कार्रवाई में सबसे ज्यादा लेन चेंज के 11,134 चालान काटे गए। इसके बाद नो एंट्री के 3,960 और ओवरस्पीडिंग के 859 चालान किए गए। कैमरा आधारित कार्रवाई में बिना सीट बेल्ट, बिना हेल्मेट, ट्रिपल राइडिंग और प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर भी चालान किए गए। इन चालानों के जरिए कुल 3 करोड़ 83 लाख 22 हजार 400 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
NH-48 और एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी
ट्रैफिक पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सड़क अनुशासन बनाए रखने के लिए NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। NHAI के कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से लेन चेंज और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

लोगों को किया जागरूक
सिर्फ चालान ही नहीं, बल्कि यातायात पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया। सुरक्षा रथ के माध्यम से 12 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 400 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान लोगों से अपनी लेन में वाहन चलाने, रॉंग साइड ड्राइविंग से बचने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, हेल्मेट पहनने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क अनुशासन बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
