गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन! 7 दिन में करोड़ो रुपये का जुर्माना!

साइबर सिटी गुरुग्राम में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। 5 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कुल 37,657 चालान काटे गए। इनमें मैदानी स्तर पर 21,326 और कैमरों की मदद से 16,331 चालान किए गए। मैदानी स्तर पर की गई कार्रवाई से पुलिस ने कई करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया।

कौन से नियम का उल्लंघन पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
यातायात पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, नियमों का उल्लंघन करने वालों में लेन बदलने वाले वाहन चालक सबसे आगे रहे। मैदानी स्तर पर लेन चेंज के 1,215 चालान किए गए, जबकि कैमरों के माध्यम से इस नियम का उल्लंघन करने पर 10,445 चालान काटे गए। यानी दोनों माध्यमों से लेन चेंज के कुल 11,660 चालान हुए। कैमरों के जरिए नो एंट्री के 3,936 और ओवरस्पीडिंग के 745 चालान किए गए। वहीं, मैदानी स्तर पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,469, ड्राइवर के बिना हेलमेट के 1,472, रॉन्ग पार्किंग के 1,409 और पिलियन राइडर के बिना हेलमेट के 960 चालान काटे गए।

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में 403 चालान किए गए। इसके अलावा खतरनाक यू-टर्न लेने पर 651, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 391, ट्रिपल राइडिंग के 251 और ओवरस्पीडिंग के 234 चालान किए गए। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने पर 46, ध्वनि प्रदूषण के 51 और रोड मार्किंग के नियमों का उल्लंघन करने पर 175 चालान किए गए।

NH-48 और एक्सप्रेसवे पर कैमरों से निगरानी
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार, NHAI कैमरों और ड्रोन तकनीक की मदद से लेन बदलने तथा निर्धारित गति सीमा से अधिक वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

कैमरों के जरिए प्रदूषण नियमों के उल्लंघन के 548, ड्राइवर के बिना सीट बेल्ट के 497, फ्रंट पैसेंजर के बिना सीट बेल्ट के 50, पिलियन राइडर के बिना हेलमेट के 58 और ड्राइवर के बिना हेलमेट के 35 चालान किए गए। ट्रिपल राइडिंग के 14 चालान भी कैमरों के माध्यम से किए गए।

कितनी जगहों पर चलाया जागरूकता अभियान
ट्रैफिक पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी कर रही है। अभियान के दौरान सुरक्षा रथ के माध्यम से 15 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 415 से अधिक नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल-112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 की जानकारी दी गई।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपनी लेन में चलने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग से बचने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।

More From Author

गुरुग्राम की 7 सड़कों पर कौन-सी नई पाबंदी लगने वाली है? जानिए पूरी खबर

आखिर समझौते की मुलाकात कैसे बन गई चाकूबाजी की वारदात?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *