गुरुग्राम में बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे थे वाहन, पुलिस ने चलाया बड़ा अभियान

सड़क पर दौड़ता वाहन लेकिन नंबर प्लेट गायब। सवाल उठता है कि आखिर ऐसे वाहन किसके हैं और इनकी पहचान कैसे होगी? इसी सवाल को लेकर गुरुग्राम पुलिस ने अब बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। पश्चिम पुलिस जोन में महज दो सप्ताह के भीतर कई वाहनों को इम्पाउंड किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन शामिल हैं।

कहाँ हुई सबसे ज्यादा कारवाई
इम्पाउंड किए गए कुल 1028 वाहनों में 846 टू-व्हीलर और 182 फोर-व्हीलर हैं। पश्चिम पुलिस जोन की टीमों ने प्रमुख सड़कों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की जांच की। बिना नंबर प्लेट वाहन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। इस दौरान पालम विहार थाना पुलिस ने 264 वाहन, जबकि उद्योग विहार थाना पुलिस ने 241 वाहन इम्पाउंड किए।

नंबर प्लेट गायब तो पहचान भी मुश्किल
पुलिस के मुताबिक, वाहन की नंबर प्लेट सिर्फ पहचान के लिए नहीं होती, बल्कि सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। किसी वाहन पर नंबर प्लेट न होने से उसकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। इससे यातायात व्यवस्था के साथ-साथ पुलिस की जांच और कार्रवाई भी प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए पुलिस ने बिना नंबर प्लेट या नियमों के विपरीत नंबर प्लेट लगाने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ा दी है।

कब तक जांच चलेगा अभियान?
आगे भी पुलिस उपायुक्त पश्चिम, गुरुग्राम के निर्देशन में पश्चिम जोन की पुलिस टीमें लगातार वाहनों की जांच कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल दो सप्ताह तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए आगे भी जारी रहेगा।

गुरुग्राम पुलिस की वाहन चालकों से अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि:
– वाहन पर निर्धारित नंबर प्लेट जरूर लगाएं।
– नंबर प्लेट को स्पष्ट और निर्धारित स्थान पर रखें।
– नंबर प्लेट के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न करें।
– नंबर प्लेट को ढककर या अस्पष्ट करके वाहन न चलाएं।
– वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें।

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि स्पष्ट नंबर प्लेट हर वाहन की पहचान का जरूरी हिस्सा है। इसलिए वाहन चालक नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करें।

More From Author

गुरुग्राम में कचरे के इन 21 ठिकानों का क्या होगा? नगर निगम ने शुरू किया बड़ा अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *