सोहना स्थित शिव कुंड परिसर के मंदिर में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और दान पात्रों में रखी नकदी व मूर्तियों से चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।

जानकारी के अनुसार चोरों की संख्या तीन बताई जा रही है। चोरों ने मंदिर में रखे तीन दान पात्रों को तोड़कर उनमें रखी नकदी निकाल ली। इसके साथ ही ठाकुर जी और भगवान शिव की मूर्तियों पर चढ़ाए गए चांदी के जेवर भी चोरी कर लिए गए।
सुबह मंदिर खुलने पर चला पता
मंदिर के पुजारी संजय वशिष्ठ ने बताया कि वे रात को मंदिर बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब मंदिर पहुंचे तो दरवाजा टूटा हुआ मिला और दान पात्र खाली थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर शहर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। चौकी इंचार्ज राजबीर ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। चोरी करने वालों की तलाश जारी है।
