गुरुग्राम में लिफ्ट देना पड़ा भारी, कार में बैठते ही शुरू हो गई मारपीट और लूट

गुरुग्राम शहर में लिफ्ट देने के बहाने युवक को कार में जबरदस्ती बैठाकर मारपीट करने और UPI के जरिए करीब 50 हजार रुपये लूटने के मामले में गुरुग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और 21 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार 5 मार्च को एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-56 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 3 मार्च की शाम वह सेक्टर-57 स्थित एफ-ब्लॉक बूम प्लाजा के पास कैब का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक कार वहां आकर रुकी और कार में बैठे लोगों ने उसे लिफ्ट देने की बात कही।

पीड़ित के मना करने पर कार में पीछे बैठे व्यक्ति ने उसे जबरदस्ती कार में धक्का देकर बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और जबरन उसके मोबाइल से UPI के जरिए दो ट्रांजेक्शन में करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। वारदात के बाद आरोपी उसे सेक्टर-65 एमराल्ड हिल्स के पास छोड़कर फरार हो गए।

मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-56 की पुलिस टीम ने जांच के दौरान 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहित (27), निवासी गांव लोहाटकी, जिला गुरुग्राम को 14 मार्च को सोहना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी मोहित ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। दोनों ने पीड़ित को कार में जबरन बैठाया और लोहे की रॉड से मारपीट कर UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर करवा लिए।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड और 21 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक इस मामले में अब तक भूपेंद्र और मोहित सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी मोहित को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले की जांच अभी जारी है।

More From Author

बंधवाड़ी में 17 लाख टन पुराने कचरे का ढेर, ताजा कचरे के निपटान के टेंडर तीन बार फेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *