गुरुग्राम में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आधी रात को ‘मदद’ के नाम पर एक युवक ने कैब ड्राइवर को ही निशाना बना लिया। गड्ढे में फंसी कार को निकालने के बहाने आरोपी ड्राइवर सीट पर बैठा और जैसे ही गाड़ी बाहर आई, वह उसे लेकर फरार हो गया।

हैरानी की बात यह है कि आरोपी यहीं नहीं रुका। वह करीब 50 किलोमीटर दूर गाजियाबाद पहुंचा, पेट्रोल पंप पर गाड़ी की टंकी फुल करवाई और बिना पैसे दिए फिर से फरार हो गया।
रात 1 बजे फंसी कार, 1:15 पर पहुंचा ‘मददगार’
पीड़ित विकास, जो उबर कैब चलाता है, 10 अप्रैल की रात करीब 1 बजे सवारी छोड़ने के बाद एनएच-48 सर्विस रोड पर अनाज मंडी हरिनगर अंडरपास के पास पहुंचा। इसी दौरान उसकी कार सड़क किनारे गड्ढे में फंस गई।

करीब 15 मिनट बाद एक युवक वहां पहुंचा और बोला—“मैं निकाल दूंगा गाड़ी।” उसने खुद ड्राइवर सीट संभाली और विकास से गाड़ी को पीछे से धक्का लगाने को कहा।
10-12 लोगों ने लगाया जोर… और हो गई वारदात
विकास ने आसपास से लोगों को बुलाया और सभी ने मिलकर गाड़ी को धक्का लगाया। जैसे ही कार गड्ढे से बाहर निकली, युवक ने अचानक एक्सीलरेटर दबाया और तेज रफ्तार में वहां से भाग गया।
शुरुआत में ड्राइवर को लगा कि वह गाड़ी मोड़कर वापस आएगा, लेकिन कुछ ही सेकंड में साफ हो गया कि यह एक सोची-समझी चोरी थी।
कार के साथ ले गया जरूरी दस्तावेज
चोरी हुई कार में गाड़ी के कागजात, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस सहित कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे, जिससे पीड़ित की परेशानी और बढ़ गई है।
गाजियाबाद में भी ठगी—3300 का पेट्रोल डलवाकर भागा
आरोपी सीधे गाजियाबाद पहुंचा और वहां एक पेट्रोल पंप पर 3300 रुपये का पेट्रोल भरवाया। भुगतान के लिए कार्ड दिया, लेकिन जैसे ही ट्रांजैक्शन शुरू हुआ, वह बिना पैसे दिए गाड़ी लेकर भाग गया।
बाद में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को पता चला कि गाड़ी पहले ही चोरी हो चुकी थी।
20 हजार का इनाम घोषित
पीड़ित ने सेक्टर-37 थाने में मामला दर्ज कराया है। साथ ही कार की जानकारी देने या बरामद कराने वाले के लिए 20 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
पुलिस CCTV खंगाल रही
पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
