गुरुग्राम में नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं सेक्टर-29 स्थित फायर ब्रिगेड केंद्र पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल लगातार 9वें दिन भी जारी रही, जिससे शहर की आपात सेवाओं को लेकर चिंता बढ़ गई है।

सड़कों पर उतरे सैकड़ों कर्मचारी
नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर सैकड़ों कर्मचारी पुराने नगर निगम कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां से उन्होंने अग्रवाल धर्मशाला चौक और गुरुद्वारा रोड होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष जताया।
SDM को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम हितेंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
इस प्रदर्शन की अध्यक्षता बसंत कुमार (जिला प्रधान, सर्व कर्मचारी संघ) ने की, जबकि संचालन जिला सचिव सुशील शर्मा और इकाई सचिव धर्मेंद्र ने संयुक्त रूप से किया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को मिला समर्थन
सेक्टर-29 स्थित फायर ब्रिगेड केंद्र पर चल रही हड़ताल में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ, सीटू और अन्य संगठनों के नेताओं ने मौके पर पहुंचकर हड़ताली कर्मचारियों को समर्थन दिया।
हड़ताल की अध्यक्षता साहुन खान (जिला प्रधान) ने की, जबकि संचालन सुनील कुमार ने किया।
“सरकार छिपा रही है असली हालात”
कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बढ़ती गर्मी के कारण आगजनी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इस पर गंभीर नहीं है।
उन्होंने कहा कि फायर विभाग की वास्तविक स्थिति को छिपाया जा रहा है। नेताओं ने सोनीपत के गांव बदाना में आग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि समय पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंचने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जो सिस्टम की खामियों को दर्शाता है।
ये हैं कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
- फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद फायर कर्मियों को शहीद का दर्जा
- परिजनों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी
- वेतन वृद्धि का एरियर
- कर्मचारियों का नियमितीकरण
- आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कर्मचारी नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जा सकती है।
