गुरुग्राम के कासन गांव में बदले की आग ने एक और जान ले ली। Gurugram Police ने पूर्व NSG कमांडो सुंदर पाल की हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लेकिन इस कहानी की जड़ें आज की नहीं, पूरे 8 साल पुरानी दुश्मनी में छिपी हैं।

पेरोल पर आया… और मौत सामने खड़ी थी
सुंदर पाल, जो 2018 में गांव के पूर्व सरपंच बहादुर की हत्या के मामले में उम्रकैद काट रहा था, हाल ही में अपनी बेटी की शादी के लिए पेरोल पर बाहर आया था।

चबूतरे पर बैठा था… तभी पहुंचे हमलावर
गुरुवार को सुबह की सैर के बाद सुंदर पाल मौनी बाबा के चबूतरे पर बैठा था। तभी दो युवक वहां पहुंचे… और बिना कुछ कहे ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

कुछ ही सेकंड में 55 साल का सुंदर पाल खून से लथपथ जमीन पर गिर चुका था।
CCTV में कैद हुआ मर्डर
पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है—दो युवक आते हैं, एक बंदूक निकालता है और लगातार गोलियां चलाता है।
कौन हैं आरोपी
पुलिस ने जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया है, वे हैं:
- कार्तिक चौहान उर्फ छोटा रोहन (20)
- गुलशन उर्फ गुल्लू (20)
दोनों कासन गांव के ही रहने वाले हैं।
पिता की हत्या का बदला
पूछताछ में आरोपी कार्तिक ने खुलासा किया—
“2018 में सुंदर ने मेरे पिता बहादुर की हत्या की थी… मैं बदला लेना चाहता था।”
यही बदला इस खूनखराबे की वजह बना।
यूपी से लाया गया हथियार
आरोपी ने बताया कि वह वारदात के लिए अवैध हथियार उत्तर प्रदेश से लेकर आया था। हत्या के बाद हथियार फेंककर फरार हो गया।
8 लोगों के खिलाफ केस
मामले में IMT Manesar Police Station ने 8 लोगों को नामजद किया है, जिनमें मुख्य आरोपी रोहन समेत कई अन्य शामिल हैं।
