गुरुग्राम में ‘परफ्यूम चोर’ सक्रिय: कार का शीशा तोड़कर महंगा इत्र और चार्जर लेकर फरार

गुड़गांव के बसई रोड इलाके में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है। चोरों ने सड़क किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा महंगा परफ्यूम और कई इलेक्ट्रॉनिक चार्जर डिवाइस चोरी कर लिए। घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी मोहित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक मल्टीनेशनल मीडिया एजेंसी में काम करते हैं। रोजाना की तरह वह देर रात करीब डेढ़ बजे ड्यूटी से लौटे और अपनी मारुति सेलेरियो कार को घर के पास सड़क किनारे पार्क कर घर चले गए। सुबह जब वह गाड़ी के पास पहुंचे तो कार का पिछला शीशा टूटा हुआ मिला।

सीट पर मिला बड़ा पत्थर

पीड़ित के मुताबिक कार की पिछली सीट पर एक बड़ा पत्थर पड़ा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी पत्थर से कार का शीशा तोड़ा गया और फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद ईआरवी टीम और सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

नकदी और सामान छोड़, केवल महंगा परफ्यूम ले गए चोर

इस घटना ने सभी को इसलिए भी चौंका दिया क्योंकि चोरों ने कार में रखे अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया। आमतौर पर कार चोरी की घटनाओं में लैपटॉप, नकदी या ज्वैलरी निशाना बनते हैं, लेकिन इस बार चोरों का टारगेट एक महंगा परफ्यूम था।

पीड़ित ने बताया कि चोर कार से “अलहबीब परफ्यूम” चोरी कर ले गए। बताया जा रहा है कि यह खास इत्र कभी मुगल शहंशाह अकबर के लिए तैयार किया जाता था। आज भी इसे पुराने कारीगरों की पीढ़ियां तैयार कर दिल्ली के लाल किला स्थित मीना बाजार में बेचती हैं।

इसके अलावा चोर मल्टीपल इलेक्ट्रॉनिक चार्जर डिवाइस भी अपने साथ ले गए।

इलाके के लोगों में डर

घटना के बाद बसई रोड और आसपास की कॉलोनियों के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त इलाके में रात के समय इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। लोगों ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का यह भी मानना है कि यह किसी ऐसे गिरोह का काम हो सकता है जो नशे या शौक के लिए छोटी लेकिन अजीब तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम देता है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही

सेक्टर-9 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

More From Author

गुरुग्राम में बदले की आग में हत्या: NSG के पूर्व कमांडो सुंदर पाल मर्डर केस में 2 आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *