गुड़गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। भांगरौला गांव में एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बुधवार सुबह महिला का खून से लथपथ शव घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। घटना के बाद से आरोपी पति फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी रेखा (30) के रूप में हुई है। वह अपने पति गौरव के साथ गुरुग्राम के भांगरौला गांव में किराए के मकान में रहती थी।
सड़क किनारे मिला खून से सना शव
सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि महिला के शरीर पर चाकू के कई वार किए गए थे और उसका सूट खून से बुरी तरह सना हुआ था।
पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रेखा और उसके पति गौरव के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। दोनों की अरेंज मैरिज हुई थी। गौरव मानेसर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद से गौरव गायब है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद वह फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस प्रवक्ता ASI संदीप कुमार ने बताया कि मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी के भागने के रास्ते और गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
