गुरुग्राम में राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर के बाहर फायरिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार सुबह गुरुग्राम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शूटर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को पंजाब के तरनतारण से गिरफ्तार किया गया था। सोमवार सुबह उन्हें हथियार बरामदगी के लिए बंधवाड़ी टोल प्लाजा के पास जंगल इलाके में ले जाया गया। इसी दौरान दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें गुरुशेर सिंह नामक आरोपी को गोली लगी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसका साथी जसपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मुठभेड़ के दौरान पुलिसकर्मी नवीन कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, 2 मई की रात सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के कन्हई गांव में रहने वाले सौरभ यादव के घर के बाहर बदमाशों ने फायरिंग की थी। सौरभ यादव मशहूर सिंगर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Rahul Fazilpuria के मैनेजर हैं।
बदमाशों ने घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की थी। इस दौरान सुरक्षा में तैनात एक सिपाही के हाथ और पैर को छूते हुए गोलियां निकल गई थीं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
पुलिस ने छह आरोपियों को किया गिरफ्तार
फायरिंग मामले की जांच के लिए सेक्टर-40 थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 और सेक्टर-39 की टीमों को लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दोनों शूटर गुरुशेर सिंह और जसपाल भी शामिल थे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
