गुरुग्राम सोहना क्षेत्र में बढ़ती आबादी के साथ सीवरेज व्यवस्था पर बढ़ रहे दबाव को देखते हुए जनस्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। विभाग ने गांव जखोपुर में बने मौजूदा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में 7 MLD क्षमता का नया एसटीपी बनाने की योजना तैयार की है।

नए प्लांट के निर्माण पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। विभाग की ओर से निर्माण कार्य से संबंधित डिटेल्ड नोटिस इनवाइटिंग टेंडर (DNIT) तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेज दी गई है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
7 MLD से बढ़कर 13 MLD होगी क्षमता
नया एसटीपी तैयार होने के बाद सोहना क्षेत्र में सीवरेज के पानी के शोधन की कुल क्षमता 7 MLD से बढ़कर करीब 13 MLD हो जाएगी। इससे बढ़ती आबादी और नए विकसित हो रहे रिहायशी इलाकों से निकलने वाले सीवरेज को ट्रीट करने में मदद मिलेगी। विभाग के मुताबिक मौजूदा एसटीपी की क्षमता क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के हिसाब से कम पड़ने लगी है। ऐसे में अतिरिक्त क्षमता वाला नया प्लांट तैयार करने की जरूरत महसूस की गई।
2010 में बना था मौजूदा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने वर्ष 2010 में सोहना परिषद के अंतर्गत गांव जखोपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया था। करीब छह एकड़ जमीन में बने इस प्लांट की मौजूदा क्षमता 7 MLD है। पिछले कई वर्षों में सोहना क्षेत्र में आबादी बढ़ने के साथ नए रिहायशी क्षेत्र भी विकसित हुए हैं। इसके चलते सीवरेज सिस्टम पर लगातार दबाव बढ़ा है। मौजूदा एसटीपी की क्षमता अब भविष्य की जरूरतों के लिहाज से पर्याप्त नहीं मानी जा रही है।
सीवरेज व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नया एसटीपी बनाने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि DNIT सरकार को मंजूरी के लिए भेज दी गई है और मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
