दिल्ली में BRICS Summit, गुरुग्राम के इन रास्तों पर बढ़ेगी हलचल! पुलिस अलर्ट

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आज से 13 सितंबर तक 18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और विदेशी प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसे देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने भी ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारी तेज कर दी है। विदेशी मेहमानों और वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के चलते दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर, दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट की तरफ जाने वाले रास्तों पर अगले 3 से 4 दिनों तक ट्रैफिक बढ़ने की संभावना है।


इन रास्तों पर रहेगी खास नजर

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने महरौली-गुरुग्राम रोड, शंकर चौक, इफ्को चौक और राजीव चौक समेत शहर के कई प्रमुख रास्तों और जंक्शनों पर विशेष निगरानी रखने की तैयारी की है। दिल्ली में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ रास्तों पर ट्रैफिक को कुछ समय के लिए नियंत्रित किया जा सकता है। इसका असर गुरुग्राम से दिल्ली आने-जाने वाले लोगों पर भी पड़ सकता है।

जरूरत पड़ने पर इन रास्तों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। किसी वाहन के खराब होने, सड़क हादसे या किसी दूसरी वजह से ट्रैफिक रुकने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर रास्ता साफ कराने की कोशिश करेगी। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर भी डायवर्ट किया जा सकता है।

कंपनियों के दौरे पर भी रहेगी पुलिस की नजर


ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले विदेशी प्रतिनिधियों के गुरुग्राम की बहुराष्ट्रीय कंपनियों और बड़े औद्योगिक संस्थानों में जाने की संभावना भी है। ऐसे में प्रतिनिधियों के कार्यक्रम के हिसाब से संबंधित रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा सकता है।

ट्रैफिक पुलिस सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय में रहेगी, ताकि वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।

दिल्ली-जयपुर रूट पर नजर

सम्मेलन के बाद कुछ विदेशी प्रतिनिधियों के दिल्ली से जयपुर जाने की संभावना को देखते हुए दिल्ली-गुरुग्राम-जयपुर रूट पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। इस रूट पर पहले से ही रोजाना ऑफिस टाइम के दौरान काफी ट्रैफिक रहता है। इसके अलावा भारी वाहनों की आवाजाही भी होती है। ऐसे में वीवीआईपी काफिलों के गुजरने के दौरान ट्रैफिक दबाव और बढ़ सकता है।

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का फोकस रहेगा कि सम्मेलन के दौरान वीवीआईपी मूवमेंट के साथ-साथ आम वाहन चालकों की आवाजाही भी ज्यादा प्रभावित न हो।

More From Author

13 करोड़ खर्च होंगे… सोहना में आखिर क्या बदलने वाला है?

गुरुग्राम की सड़क पर अचानक चिल्लाने लगा युवक- ‘मुझे गोली मार देंगे!’ पीछे छिपी लड़की, फिर खुला पूरा राज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *