Gurugram में द्वारका एक्सप्रेसवे पर सरियों से भरे ट्रक में घुसी कार

द्वारका एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर धनकोट राउंड अबाउट के पास एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे सरियों से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, कार में सवार दोनों लोग सुरक्षित बच गए। उन्हें सिर्फ मामूली खरोंचें आई हैं।

जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ नंबर की यह कार सर्विस लेन से दिल्ली की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार धनकोट राउंड अबाउट के पास पहुंची, वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। ट्रक में लोहे के भारी सरिए लदे हुए थे।टक्कर के बाद कार का बोनट और अगला हिस्सा ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गया। गनीमत रही कि ट्रक में लदे सरिए कार के शीशे को तोड़कर अंदर नहीं पहुंचे। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटवाए वाहन
हादसे की सूचना मिलते ही धनकोट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज जगमाल के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर किनारे करवाया ताकि सर्विस लेन पर ट्रैफिक प्रभावित न हो और जाम की स्थिति न बने।

कार सवारों ने नहीं दी लिखित शिकायत
हादसे में कार में सवार दोनों लोगों को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि, कार को काफी नुकसान हुआ है। कार सवारों ने पुलिस को मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी। दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर अक्सर भारी वाहन और सरियों से लदे ट्रक चलते हैं। कई बार इन वाहनों के पीछे पर्याप्त रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड भी नहीं होते। ऐसे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्रक की दूरी और उसके लदे सामान का सही अंदाजा नहीं मिल पाता।

लोगों ने ऐसे वाहनों की सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले ही बजघेड़ा के पास सरियों से जुड़े एक हादसे में ई-रिक्शा में मौजूद सरियों की वजह से एक टैक्सी चालक की मौत हो गई थी। ऐसे में इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रशासन को गंभीर कदम उठाने की जरूरत है।

More From Author

Gurugram में CDS-NDA परीक्षा की तैयारी तेज, 34 केंद्रों पर 11,896 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *