Gurugram में CDS-NDA परीक्षा की तैयारी तेज, 34 केंद्रों पर 11,896 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से 13 सितंबर को आयोजित होने वाली CDS और NDA परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुग्राम में परीक्षा के लिए कुल 34 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 11,896 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित की जाएगी।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए शुक्रवार को लघु सचिवालय में सीईओ जिला परिषद सुमित कुमार की अध्यक्षता में सेंटर सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की बैठक हुई। बैठक में अधिकारियों को UPSC के सभी नियमों और दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।

परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक में सुमित कुमार ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि UPSC परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही, परीक्षा ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों की पूरी जानकारी होनी चाहिए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि अगर परीक्षा से जुड़े किसी नियम या व्यवस्था को लेकर कोई सवाल या शंका है तो उसे परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्पष्ट कर लिया जाए।

तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा
जिला प्रशासन के मुताबिक, 13 सितंबर को गुरुग्राम में CDS और NDA की लिखित परीक्षा होगी। CDS परीक्षा तीन चरणों में जबकि NDA परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाएगी।

सभी सेंटर सुपरवाइजर और ड्यूटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों पर UPSC के नियमों के मुताबिक सभी इंतजाम समय पर पूरे कर लिए जाएं। बैठक में UPSC की ओर से सेक्शन ऑफिसर प्रांजल वर्मा, सहायक सेक्शन ऑफिसर चिरंजीवी दीपक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

More From Author

बसई रोड पर महेन्द्र की हत्या का खुलासा, पुरानी रंजिश में रची थी साजिश, 5 गिरफ्तार

Gurugram में द्वारका एक्सप्रेसवे पर सरियों से भरे ट्रक में घुसी कार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *