गुरुग्राम में मेट्रो का इंतजार कर रहे लोगों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो पहुंचने का रास्ता अब कितना साफ हुआ है और इसके निर्माण में कौन-सी रुकावटें दूर करनी बाकी हैं? इसको लेकर GMDA की बैठक में अहम जानकारी सामने आई है।

मेट्रो के रास्ते में अब कितनी रुकावटें?
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) के CEO पीसी मीणा की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेट्रो प्रोजेक्ट के रास्ते में आने वाली रुकावटों पर चर्चा हुई। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल इस कॉरिडोर के निर्माण में कोई बड़ी बाधा नहीं है। हालांकि, मेट्रो का काम आगे बढ़ाने के लिए कुछ बिजली की लाइनों और सबस्टेशन को शिफ्ट करना जरूरी है। इसके लिए GMDA ने संबंधित विभागों को आपस में तालमेल बनाकर काम करने और इसकी समयसीमा तय करने के निर्देश दिए हैं।
9 बिजली फीडरों में से 6 शिफ्ट
बैठक में बताया गया कि मेट्रो के रास्ते में कुल 9 बिजली फीडर आ रहे थे। इनमें से 6 को पहले ही शिफ्ट किया जा चुका है। बाकी बचे फीडरों को भी हटाने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। इसके अलावा, NHAI की ओर से 66 केवी का नया बिजली सबस्टेशन बनाया जा रहा है। इसके दिसंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना है। नया सबस्टेशन चालू होने के बाद पुराने सबस्टेशन को हटाया जाएगा, जिससे मेट्रो निर्माण के लिए जगह मिल सकेगी।
राहत की बात यह भी है कि अधिकारियों को मेट्रो के रास्ते में सीवर, पानी की पाइपलाइन और बरसाती पानी की निकासी से जुड़ी कोई बड़ी रुकावट नहीं मिली है।

रेवाड़ी और झज्जर जाने वालों को क्या फायदा होगा?
हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो बनने से इस इलाके में आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर रेवाड़ी और झज्जर की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को भी राहत मिल सकती है। मेट्रो शुरू होने से लोगों को आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर गाड़ियों का दबाव कम करने और इलाके की कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिल सकती है।
गुरुग्राम मेट्रो के पहले फेज में क्या-क्या शामिल है?
गुरुग्राम मेट्रो के पहले फेज में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक 15.2 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ द्वारका एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-101 तक एक स्पर लाइन भी बनाई जानी है। इस कॉरिडोर से सेक्टर-45, साइबर पार्क, सेक्टर-47, सुभाष चौक, सेक्टर-48, सेक्टर-72ए, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार फेज-6, सेक्टर-10, सेक्टर-37 और बसई जैसे इलाकों को मेट्रो से जोड़ने की योजना है।
मिलेनियम सिटी सेंटर स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन से भी जुड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे पुराने और नए गुरुग्राम के बीच सफर करना आसान होने की उम्मीद है।
