द्वारका एक्सप्रेसवे पर आधी रात मचा हड़कंप! तेज रफ्तार कार ने 2 युवकों की जान ली

गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने सबको झकझोर दिया। श्रीराम चौक के पास तेज रफ्तार कार अचानक उन युवकों के बीच जा घुसी, जो सड़क के डिवाइडर पर सेफ्टी का काम कर रहे थे।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती जांच में पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार बता रही है। वहीं, मौके पर सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

डिवाइडर पर काम कर रहे थे चार युवक
जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात द्वारका एक्सप्रेसवे के श्रीराम चौक के पास हुआ। चार युवक डिवाइडर पर लोहे की ग्रिल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक कार अचानक उनकी तरफ आ गई।

बताया जा रहा है कि कार को अपनी तरफ आता देखकर दो युवकों ने बचने के लिए ग्रीन बेल्ट में छलांग लगा दी। लेकिन कार ग्रीन बेल्ट में भी जा घुसी और दोनों युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद कार रेलिंग की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

दो युवकों की मौके पर मौत
हादसे में बिजेंद्र और पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मूल रूप से बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं, सतीश चंद और राम कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनका इलाज वाइब्रेंट अस्पताल में चल रहा है। कार चला रहे 20 वर्षीय वेदान खन्ना को भी गंभीर चोटें आई हैं। वेदान खन्ना दिल्ली यूनिवर्सिटी का छात्र बताया जा रहा है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया।

क्या मौके पर सुरक्षा के इंतजाम कम थे?
हादसे के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि जिस जगह युवक काम कर रहे थे, वहां पर्याप्त रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड और बैरिकेडिंग नहीं थी। बताया जा रहा है कि सुरक्षा के नाम पर मौके पर सिर्फ दो-तीन छोटे सेफ्टी कोन लगाए गए थे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अगर रात के समय सड़क पर काम चल रहा था, तो वहां वाहन चालकों को पहले से चेतावनी देने के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए?

पुलिस कर रही है जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद बजघेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आ रही है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अब जांच के साथ यह भी साफ होगा कि हादसा सिर्फ तेज रफ्तार का नतीजा था या सड़क पर चल रहे काम के दौरान सुरक्षा इंतजामों में कमी ने भी इस हादसे को बढ़ाने में भूमिका निभाई।

More From Author

गरमा-गरम चाय पीने से Cancer का खतरा ? जानिए क्या कहते हैं Experts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *