गुरुग्राम की वही सड़क जहां कुछ दिन पहले एक महिला बाइक राइडर के साथ हिट एंड रन का मामला सामने आया था। अब इसी रोड से एक और मामला सामने आया है। इस बार कार में एक महिला अपनी बेटी के साथ थी और एक Black Scorpio सवार ने लोहे की रॉड निकालकर उन पर हमला करा ।

कब और कहां हुई घटना ?
मामला 27 अगस्त का Golf Course Road का बताया जा रहा है। गुरुग्राम निवासी पूजा वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी Swift कार से सेक्टर-54 मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आई एक Black Scorpio ने उनकी कार को साइड से टच कर दिया। पूजा के मुताबिक, जब उन्होंने आगे बढ़ने की कोशिश की तो Scorpio चालक ने अपनी गाड़ी उनकी कार के आगे रोक दी और रास्ता ब्लॉक कर दिया। इसके बाद चालक ने उनके साथ उनकी बेटी के सामने गाली-गलौज की और धमकाने की कोशिश की।
डैशकैम में हुआ रिकॉर्ड
घटना के दौरान कार में लगे डैशकैम ने पूरा video रिकॉर्ड कर लिया। फुटेज में Scorpio चालक हाथ से धमकी भरा इशारा करता दिखाई देता है। इसके बाद वह लोहे की रॉड निकालता है और महिला की कार की हेडलाइट पर वार कर उसका शीशा तोड़ देता है। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 125, 281 और 324(4) के तहत केस दर्ज किया है।
महिला का आरोप है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन FIR दर्ज कराने के लिए उन्हें पुलिस स्टेशन के कई चक्कर लगाने पड़े। हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।
चालक की पहचान अभी साफ नहीं
पुलिस के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। Black Scorpio के चालक की पहचान अभी सामने नहीं आई है और फिलहाल इस मामले में किसी गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। खास बात यह है कि कुछ ही दिन पहले इसी Golf Course Road पर एक महिला बाइक राइडर के साथ हिट एंड रन की घटना भी सामने आई थी, जिसका वीडियो बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हुआ था। अब इस नए मामले में सामने आए डैशकैम फुटेज से पुलिस आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
