गुरुग्राम शहर की सड़क, पानी, सीवरेज और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। गुरुग्राम नगर निगम (MCG) की वित्त एवं संविदा समिति (एफएंडसीसी) की नौवीं बैठक में 171 करोड़ रुपये की लागत वाले 26 विकास कार्यों को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर के कई इलाकों में वर्षों से चली आ रही समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।

बैठक की अध्यक्षता मेयर राजरानी मल्होत्रा ने की। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया, एफएंडसीसी सदस्य अनूप सिंह और सुंदर सिंह, चीफ इंजीनियर विजय ढाका समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सड़क से लेकर पेयजल तक, कई परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
एफएंडसीसी की बैठक में जिन विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, उनमें नई सड़कों का निर्माण, जर्जर सड़कों का पुनर्निर्माण, पेयजल पाइपलाइन का विस्तार, सीवर नेटवर्क को मजबूत करना, वर्षा जल निकासी व्यवस्था में सुधार, बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाना और आधुनिक तकनीक के जरिए जल प्रबंधन प्रणाली विकसित करना शामिल है।
इसके अलावा शहर के व्यस्त सदर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 235 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। नगर निगम के बूस्टिंग स्टेशनों पर इलेक्ट्रो-मैग्नेटिक फ्लो मीटर, SCADA सिस्टम और RTU पैनल भी लगाए जाएंगे, जिससे पानी की सप्लाई की निगरानी पहले से अधिक प्रभावी हो सकेगी।
10 साल से लंबित विकास कार्यों को मिली प्राथमिकता
बैठक में उन विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जो पिछले कई वर्षों से अधूरे पड़े थे। कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति, सीवर लाइन, बरसाती पानी की निकासी, इंटरलॉकिंग टाइल्स और सड़क निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं लंबे समय से लंबित थीं। अब इन कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इसके साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नगर निगम का रिजर्व स्टोर भी स्थापित किया जाएगा। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना को भी मंजूरी मिल गई है।
इन इलाकों में होंगे बड़े विकास कार्य
नगर निगम द्वारा जिन क्षेत्रों में विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है, उनमें खांडसा, सेक्टर-10, सरस्वती एन्क्लेव, मालिबू टाउन, तिगरा, सेक्टर-50, मोहम्मदपुर झाड़सा, दरबारीपुर, अर्जुन नगर, सिकंदरपुर, डूंडाहेड़ा, सरहौल, सेक्टर-22ए, पालम विहार, सेक्टर-17ए, सेक्टर-17सी और साउथ सिटी-1 शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, सीवरेज और ड्रेनेज से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे, जिससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे होंगे सभी प्रोजेक्ट
समिति ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा के भीतर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
मेयर बोलीं- हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना लक्ष्य
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य गुरुग्राम के हर नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, उनसे शहर की सड़क, पेयजल, सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को जल्द से जल्द इन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
निगमायुक्त ने दिए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि समिति से मंजूर सभी परियोजनाओं का काम तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा। प्रत्येक प्रोजेक्ट की नियमित समीक्षा होगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के संतुलित और सतत विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
