नगर निगम गुरुग्राम में जनगणना कार्यों की प्रगति को लेकर आयोजित बैठक में बड़ी लापरवाही सामने आई है। समीक्षा के दौरान 500 से अधिक सुपरवाइजर और एन्यूमरेटर ड्यूटी और प्रशिक्षण से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।

बैठक की अध्यक्षता प्रधान जनगणना अधिकारी एवं निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने की। उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए।
500 से ज्यादा कर्मचारी गायब, नोटिस जारी
बैठक में बताया गया कि बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रशिक्षण और ड्यूटी से अनुपस्थित हैं। इस पर गंभीर चिंता जताते हुए निर्णय लिया गया कि इन कर्मचारियों को जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे। तय समय में जवाब नहीं देने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
5 से 7 मई तक अनिवार्य प्रशिक्षण
सभी विभागों और संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि उनके कर्मचारी तुरंत जनगणना कार्य में शामिल हों। अनुपस्थित सुपरवाइजर और एन्यूमरेटर को 5 से 7 मई 2026 के बीच प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा गया है। आदेशों की अनदेखी करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
जोन स्तर पर बनेगा ग्रीवेंस सेल
जनगणना कार्यों की निगरानी के लिए प्रत्येक जोन स्तर पर ग्रीवेंस सेल गठित किए जाएंगे। ये सेल रोजाना कार्यों की समीक्षा करेंगे, हर गुरुवार को फील्ड निरीक्षण और शुक्रवार को रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।
निगमायुक्त कार्यालय में बनेगा कंट्रोल सेल
निगमायुक्त कार्यालय में सेन्सस मैनेजमेंट सेल का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं प्रदीप दहिया करेंगे। यह सेल निगरानी, समन्वय और शिकायतों के समाधान का कार्य संभालेगा।
किट वितरण और उपस्थिति पर फोकस
बैठक में जानकारी दी गई कि कुछ जोनों में जनगणना किट का वितरण हो चुका है, जबकि बाकी क्षेत्रों में उसी दिन वितरण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अनुपस्थित कर्मचारियों की समीक्षा कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निगमायुक्त की सख्त चेतावनी
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुपस्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
