गुरुग्राम के सेक्टर-104 और सेक्टर-106 में निर्माण साइट पर हुए हंगामे के मामले में पुलिस ने एक बार फिर कार्रवाई की है। इस मामले में 6 और लोगों को काबू कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है। अब तक इस केस में कुल 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।

क्या था पूरा मामला?
15 जुलाई को मिट्टी और पानी की सप्लाई का काम करने वाले एक ठेकेदार ने राजेंद्र पार्क थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच करीब 20 गाड़ियों में 50 से 60 लोग उसकी दोनों साइटों पर पहुंचे।

शिकायत के मुताबिक, इन लोगों ने वहां मौजूद कर्मचारियों और सिक्योरिटी गार्डों के साथ बहस की। ठेकेदार ने आरोप लगाया कि काम बंद कराने की कोशिश की गई और उसके सुपरवाइजर को भी रास्ते में रोककर डराया-धमकाया गया।
पुलिस जांच में क्या सामने आया?
शिकायत मिलते ही राजेंद्र पार्क थाना और अपराध शाखा सेक्टर-10 की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया, लोगों से पूछताछ की और पूरे मामले की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस को काम करने के बदले पैसे मांगने, जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी मांगने जैसे आरोपों के सबूत नहीं मिले। पुलिस ने कहा कि ये आरोप जांच में सही नहीं पाए गए।
पहले 8, अब 6 और लोगों पर कार्रवाई
हालांकि, मौके पर माहौल बिगड़ने और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने BNSS की धारा 126/170 के तहत पहले 8 लोगों पर निवारक कार्रवाई की थी। उस समय घटना में इस्तेमाल की गई 5 स्कॉर्पियो गाड़ियां भी जब्त की गई थीं।
अब मामले में आगे कार्रवाई करते हुए 18 जुलाई को पुलिस ने 6 और लोगों को काबू किया। इनके खिलाफ भी BNSS की धारा 126/170 के तहत निवारक कार्रवाई की गई है।
3 और गाड़ियां भी जब्त
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल की गई 3 और कारें भी बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
