लद्दाख के मुद्दों और छात्रों के समर्थन में अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ने गुरुवार शाम उनका ताजा हेल्थ बुलेटिन जारी किया, जिसमें बताया गया कि उनकी हालत में कोई बदलाव नहीं है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

डॉक्टरों ने क्या कहा?
मेदांता अस्पताल के डॉक्टर संजय दुरानी की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, सोनम वांगचुक पूरी तरह से होश में हैं, अलर्ट हैं और उनकी सभी वाइटल पैरामीटर सामान्य सीमा में हैं। अस्पताल ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका इलाज उनकी सूचित सहमति (Informed Consent) के अनुसार किया जा रहा है।
अनशन का आज 26वां दिन
सोनम वांगचुक का अनशन गुरुवार को 26वें दिन में प्रवेश कर गया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद उन्हें दो दिन पहले दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया था।

मेदांता अस्पताल में थ्री-लेयर सुरक्षा
सोनम वांगचुक के अस्पताल में भर्ती होने के बाद मेदांता अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल परिसर में थ्री-लेयर सिक्योरिटी लागू है और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए करीब 600 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
विपक्षी सांसदों को नहीं मिली मुलाकात की अनुमति
बुधवार को आम आदमी पार्टी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और समाजवादी पार्टी के करीब 15 विपक्षी सांसद सोनम वांगचुक से मिलने मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि, सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें अस्पताल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
सरकार से अब तक नहीं हुई बातचीत
सोनम वांगचुक ने हाल ही में सरकार के नाम एक ओपन लेटर भी लिखा था। इसके बावजूद अब तक उनकी सरकार के साथ कोई औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा था कि उनके पत्र का जवाब जल्द दिया जाएगा।
