गुरुग्राम में एक झूठी रेप कॉल ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। Sector 47 Gurugram से आई इस सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई, लेकिन जांच में मामला पूरी तरह फर्जी निकला। अब पुलिस ने डायल-112 का दुरुपयोग करने वाली महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

रेप की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
20 अप्रैल को डायल-112 के जरिए सूचना दी गई कि एक महिला के साथ रेप हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस और ईआरवी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
ऑनलाइन बुकिंग से पहुंची थी महिला
जांच के दौरान सामने आया कि महिला एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए घरों में खाना बनाने का काम करती है। उसे सेक्टर-47 के एक मकान में काम के लिए बुक किया गया था। वहां पहुंचने पर उसकी मकान मालिक के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई।
बहस के बाद उठाया बड़ा कदम
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विवाद के बाद महिला ने मकान मालिक को सबक सिखाने या दबाव बनाने के लिए रेप जैसी गंभीर घटना की झूठी सूचना दे दी। मेडिकल और अन्य जांच में रेप जैसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई।
सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग पड़ा भारी
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार के अनुसार, महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 217 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने इसे सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग और कानून से खिलवाड़ बताया है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस ने साफ कहा है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवाएं केवल वास्तविक जरूरत के लिए हैं। झूठी सूचना देने से न केवल कानून का उल्लंघन होता है, बल्कि असली जरूरतमंद तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है।
लगातार बढ़ रहा दुरुपयोग
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, हाल के समय में डायल-112 के दुरुपयोग के मामले बढ़े हैं, जिस पर अब सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
