ड्यूटी से घर तक का सफर क्यों बना आखिरी सफर?

गुरुग्राम फरुखनगर क्षेत्र में सड़क हादसे में दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। खवासपुर गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार कांस्टेबल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में जान गंवाने वाले कांस्टेबल की पहचान 33 वर्षीय अमित यादव के रूप में हुई है। वह ड्यूटी खत्म करके दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे अमित यादव
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे अमित यादव दिल्ली में ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने गांव बांसलांबी लौट रहे थे। जैसे ही वह फरुखनगर क्षेत्र में खवासपुर गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अमित सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल अमित को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में इकलौते बेटे थे अमित, दो बेटियों के पिता
अमित यादव बिलासपुर क्षेत्र के बांसलांबी गांव के रहने वाले थे। उन्होंने साल 2016 में दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर नौकरी ज्वाइन की थी। वह वर्तमान में डीसीपी ईस्ट ऑफिस में तैनात थे और करीब नौ साल से पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे। अमित यादव अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन है और करीब नौ साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र सात साल और पांच साल है। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बनकर आया है। घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
फरुखनगर थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे की पूरी जानकारी मिल सके और फरार ट्रक चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

दो दिन में सड़क हादसे में दूसरे पुलिसकर्मी की मौत
गुरुग्राम क्षेत्र में दो दिनों के भीतर सड़क हादसों में दो पुलिसकर्मियों की मौत का मामला सामने आया है। रविवार को गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस में तैनात कांस्टेबल अंकित कुमार की भी अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। अब सोमवार को दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल अमित यादव की जान चली गई। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

More From Author

आखिर समझौते की मुलाकात कैसे बन गई चाकूबाजी की वारदात?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *