महिला बाइकर को क्यों रोकना चाह रहे थे कार सवार ? टक्कर के बाद फरार

गुरुग्राम में हिट एंड रन का मामला सामने आया है। रविवार को गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने महिला बाइकर की स्पोर्ट्स बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिर गई और उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।

घटना का वीडियो महिला की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। महिला ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करते हुए पूरे मामले की जानकारी दी है। वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है।

बाइकिंग ग्रुप के साथ राइड कर रही थीं सिया
महिला बाइकर की पहचान सिया के रूप में हुई है। सिया के मुताबिक, वह रविवार को अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक से अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं। सिया का आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार कुछ लोग उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कार उनके काफी करीब आ गई और उसमें बैठे लोगों ने उनके साथ बदतमीजी भी की।

दूरी बनाने को कहा, फिर बाइक रोकने के लिए कहा
सिया के मुताबिक, उन्होंने कार सवारों को दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन इसके बावजूद वे उनके पास आते रहे। सिया का आरोप है कि कार में बैठे लोग उन्हें बाइक रोकने के लिए कह रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार सवार नशे में लग रहे थे। कुछ देर बाद कार ने उन्हें ओवरटेक किया और उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद कई मीटर घिसटी बाइक

टक्कर लगते ही सिया बाइक समेत सड़क पर गिर गईं। उनकी बाइक कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में सिया को चोटें भी आई हैं। पूरी घटना उनकी बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में कार के बाइक को टक्कर मारने और उसके बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य साफ दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने केस दर्ज किया
सिया ने सोशल मीडिया पर कथित कार का नंबर भी शेयर किया है। कार का नंबर HR30Y4949 बताया गया है। उन्होंने आरसी मालिक का नाम मनीष बताया है। गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सिया से संपर्क करने की कोशिश भी की है, लेकिन अभी तक उनकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान की जाएगी और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

गुरुग्राम का बड़ा चुनाव! Senior Deputy Mayor और Deputy Mayor की कुर्सी पर किसका कब्जा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *