गुरुग्राम के धनवापुर में पुलिस और प्रशासन ने एक आदतन अपराधी से जुड़े अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। करीब 50 वर्ग गज जमीन पर बने मकान को बुलडोजर की मदद से गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रही।
धनवापुर इलाके में सोमवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई, जब पुलिस और जिला प्रशासन की टीम बुलडोजर और दूसरी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। यहां अभिषेक उर्फ नीटू से जुड़े करीब 50 वर्ग गज में बने मकान को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, धनवापुर गांव का रहने वाला अभिषेक उर्फ नीटू आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या, जानलेवा हमला, मारपीट, अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी समेत कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पहले हुई संपत्ति की जांच, फिर चला बुलडोजर
पुलिस के अनुसार, आदतन अपराधियों से जुड़ी संपत्तियों की समीक्षा की जा रही थी। इसी दौरान सेक्टर-17 क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली कि नीटू ने धनवापुर इलाके में करीब 50 वर्ग गज जमीन पर अवैध रूप से मकान बना रखा है। इसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन ने मामले की जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, जरूरी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण हटाने का फैसला लिया गया।
भारी पुलिस बल के बीच मकान ध्वस्त
कार्रवाई के लिए मौके पर बुलडोजर और दूसरी मशीनें पहुंचाई गईं। क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 और स्थानीय पुलिस की टीमों की मौजूदगी में करीब 50 वर्ग गज में बने मकान को पूरी तरह गिरा दिया गया। किसी तरह का विरोध या कानून-व्यवस्था की स्थिति न बिगड़े, इसके लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस के अनुसार कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई।
आगे भी हो सकती है ऐसी कार्रवाई
डीसीपी वेस्ट वाईवीआर चंद्रशेखर के मुताबिक, पुलिस आदतन अपराधियों से जुड़ी संपत्तियों की समीक्षा कर रही है। अगर किसी संपत्ति में अवैध निर्माण या कब्जे की पुष्टि होती है, तो जिला प्रशासन के साथ मिलकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यानी धनवापुर की इस कार्रवाई के बाद अब सवाल ये है कि क्या दूसरे आदतन अपराधियों की संपत्तियों पर भी पुलिस और प्रशासन की नजर है? पुलिस के मुताबिक संपत्तियों की समीक्षा का काम अभी जारी है।
