अगर आप पिछले कुछ दिनों में गुरुग्राम की सड़कों पर गाड़ी चला रहे हैं तो ट्रैफिक नियमों को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने सिर्फ एक सप्ताह में 40 हजार से ज्यादा चालान काटे हैं। खास बात यह है कि NH-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे समेत प्रमुख एक्सप्रेसवे पर लेन बदलने और ओवरस्पीडिंग करने वालों पर खास नजर रखी जा रही है।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच कुल 40,446 चालान किए गए। इस दौरान नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर 2 करोड़ 72 लाख 52 हजार 700 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

कितने वाहन के हुए चलान
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में सबसे ज्यादा फोकस लेन अनुशासन पर दिखाई दिया। कैमरों के जरिए किए गए चालानों में अकेले 14,587 चालान लेन चेंज के लिए किए गए। इसके अलावा कैमरों से 7,710 नो एंट्री, 626 ओवरस्पीडिंग, 1,061 प्रदूषण और 724 ड्राइवर बिना सीट बेल्ट के चालान किए गए। यानी एक्सप्रेसवे और हाईवे पर सिर्फ तेज रफ्तार ही नहीं, बल्कि गलत तरीके से लेन बदलना भी अब पुलिस की सीधी निगरानी में है।
सड़क पर पुलिस ने भी संभाला मोर्चा
इस एक सप्ताह के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने मैदानी स्तर पर 14,973 चालान किए। इनमें 1,143 बिना हेलमेट ड्राइविंग, 1,044 रॉन्ग साइड ड्राइविंग, 1,025 रॉन्ग पार्किंग, 877 बिना हेलमेट पिलियन राइडर, 387 बिना सीट बेल्ट, 321 ड्रंकन ड्राइविंग और 196 ट्रिपल राइडिंग के मामले शामिल हैं। इसके अलावा खतरनाक यू-टर्न, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल, लेन बदलने और ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में भी कार्रवाई की गई।
NH-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे पर क्यों बढ़ी सख्ती?
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए NH-48, द्वारका एक्सप्रेसवे और मुंबई एक्सप्रेसवे पर विशेष निगरानी की जा रही है। इसके लिए NHAI के कैमरों और ड्रोन तकनीक की भी मदद ली जा रही है। खास तौर पर लेन बदलने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
सिर्फ चालान नहीं, लोगों को जागरूक भी किया
ट्रैफिक पुलिस का अभियान सिर्फ चालान काटने तक सीमित नहीं है। #ChallanNahiSalamMilega अभियान के तहत सुरक्षा रथ के जरिए गुरुग्राम में 12 जगहों पर जागरूकता कार्यक्रम किए गए। इन कार्यक्रमों में 300 से ज्यादा नागरिकों और विद्यार्थियों को यातायात नियमों, डायल 112 और हेल्पलाइन नंबर 1095 के बारे में जानकारी दी गई। लोगों से अपनी लेन में गाड़ी चलाने, रॉन्ग साइड से बचने, निर्धारित स्पीड में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने तथा शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने की अपील की गई।
क्या संदेश दिया पुलिस ने ?
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस का संदेश साफ है सड़क पर नियम तोड़े तो चालान से बचना मुश्किल हो सकता है।खासकर NH-48 और एक्सप्रेसवे पर कैमरों और ड्रोन की निगरानी के चलते वाहन चालकों को अब और ज्यादा सतर्क रहना होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि #ChallanNahiSalamMilega अभियान में सहयोग करें और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग करें।
