सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करके बाजार जाने या किसी काम से रुकने की आदत अब आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है! गुरुग्राम में गलत जगह वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। महज 28 दिनों में 61 हजार से ज्यादा चालान काटे गए और कई करोड़ों रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया।

कितने करोड़ों रुपये का जुर्माना
गुरुग्राम यातायात पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक गलत पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 61,549 चालान किए गए और 3,07,74,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया।पुलिस का कहना है कि सड़क किनारे और प्रतिबंधित जगहों पर वाहन खड़े करने से सड़क पर चलने के लिए जगह कम हो जाती है। इससे जाम लगता है और दूसरे वाहन चालकों को भी परेशानी होती है।
किन जगहों पर गाड़ी खड़ी करना पड़ सकता है भारी
ट्रैफिक पुलिस उन प्रमुख सड़कों, चौराहों और स्थानों पर खास नजर रख रही है, जहां गलत पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। पुलिस के मुताबिक, नो-पार्किंग जोन, मुख्य सड़कों, चौराहों और यातायात में बाधा पैदा करने वाली जगहों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
गलत पार्किंग के कारण कई बार सड़क की एक लेन बंद हो जाती है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ती है और जाम की स्थिति बन जाती है। ट्रैफिक पुलिस का अभियान सड़कों पर यातायात को सुचारू रखने और उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।
वाहन चालक कहां करें पार्किंग?
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ी करें। मुख्य सड़कों, चौराहों और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने से बचें।
