IMT मानेसर क्षेत्र स्थित एक कंपनी में शनिवार को काम के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गई। मशीन ऑपरेशन के दौरान हुए इस हादसे में युवक का सिर मशीन में फंस गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिहार का रहने वाला था कर्मचारी
मृतक की पहचान 30 वर्षीय पवन कुमार, निवासी सुखमारहन गांव, नवादा (बिहार) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पवन पिछले कई वर्षों से मानेसर में रहकर नौकरी कर रहा था। वह पिछले करीब तीन महीनों से बीएल पालीमर कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था।
काम के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को ड्यूटी के दौरान मशीन पर काम करते समय अचानक पवन कुमार का सिर मशीन के हिस्से में फंस गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसे मौके पर ही गंभीर चोटें आईं।
साथ काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही IMT मानेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले को प्रारंभिक रूप से दुर्घटना मानते हुए जांच की जा रही है।
परिवार की ओर से कोई आरोप नहीं
पुलिस के अनुसार, अब तक मृतक के परिवार की तरफ से किसी भी प्रकार का आरोप सामने नहीं आया है। घटना के बाद कंपनी में भी शोक का माहौल है।
