गुरुग्राम की हाई-सेक्योरिटी सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी,आखिर कैसे हुई वारदात?

गुरुग्राम सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित विजय रतन विहार सोसायटी में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोर फ्लैट नंबर 360 और 363 का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान चोरी कर ले गए।

सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाना पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच-पड़ताल की।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

चोरी की वारदात के बाद सोसायटी की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सोसायटी के मुख्य द्वार पर तीन से चार सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं और चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद चोरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी।

डिलीवरी के बहाने घुसे चोर

सोसायटी के गार्ड के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 40 मिनट पर दो युवक डिलीवरी का बहाना बनाकर सोसायटी में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने उन फ्लैट्स को निशाना बनाया जिनमें ताले लगे थे।

पीड़ित परिवार का बयान

फ्लैट नंबर 363 में रहने वाले उमेश कुमार की पत्नी श्रेया ने बताया कि वे रोज़ाना की तरह सुबह सेक्टर-82 स्थित अपने नए फ्लैट पर चल रहे काम को देखने चले गए थे और रात में लौटकर जब अपने सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित फ्लैट पहुंचे तो घर का ताला टूटा मिला। कमरे बिखरे पड़े थे और अलमारी से सारा सामान चोरी हो चुका था।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। सिविल लाइंस थाना की एसआई ममता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



More From Author

ढाबा संचालक और बेटे पर बेरहमी से हमला, पढ़िए कैसे हुआ डरावना वाक्या

गुरुग्राम शहर की सड़कें अब खुद बताएंगी अपनी खामियां… AI ने शुरू किया रोड ऑडिट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *