रोजवुड सिटी में सोमवार को डीटीपी इन्फोर्समेंट टीम ने पुलिस की मदद से अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान पार्क और स्टिल्ट एरिया में बनाए गए अनधिकृत ढांचे सील किए गए।

ई-ब्लॉक में पार्क के हिस्से पर एक दुकान बनाई गई थी। टीम ने बताया कि यह निर्माण बिना किसी अनुमति के किया गया था। मौके पर बुलडोजर चलाकर दुकान को तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में टीम ने काम पूरा किया।

इसके बाद सी-ब्लॉक रोजवुड सिटी में स्टिल्ट एरिया में बने अवैध ढांचे को सील किया गया। यह एरिया मूल रूप से पार्किंग के लिए निर्धारित था, लेकिन यहां दीवार खड़ी कर निर्माण किया गया था। निवासियों ने इसकी शिकायत पहले ही डीटीपी को दी थी।

तीसरी कार्रवाई भी सी-ब्लॉक में हुई, जहां स्टिल्ट एरिया में गेस्ट हाउस के लिए बनाए जा रहे पांच कमरे मिले। यह निर्माण भी नियमों के खिलाफ था। शिकायत ई-पोर्टल के माध्यम से मिली थी, जिस पर कार्रवाई करते हुए टीम ने सभी कमरों को सील कर दिया।
डीटीपी अमित मधोलिया ने कहा
यह कार्रवाई नागरिक शिकायत पर की गई है। उन्होंने बताया, “अवैध निर्माण न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि सोसाइटी की सुविधा और सुरक्षा पर भी असर डालता है। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।”
