गुरुग्राम के सेक्टर-48 क्षेत्र से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शनिवार देर रात एक 17 वर्षीय छात्र ने अपने ही क्लासमेट को गोली मार दी। घटना में घायल छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे त्वरित रूप से मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, 2 मैगजीन और 70 कारतूस बरामद किए गए। घटनास्थल से एक खाली खोल भी मिला है।
पिता की लाइसेंसी पिस्टल का किया इस्तेमाल
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी छात्र के पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं और पिस्टल उनके नाम पर लाइसेंस्ड है। आरोपी ने घर से ही हथियार निकालकर वारदात को अंजाम दिया।
पहले भी हुई थी कहासुनी
घायल छात्र की मां ने दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ता है। शनिवार को उसका एक क्लासमेट मिलने घर आया और उसे अपने साथ सेक्टर-48 ले गया। वहीं पर आरोपी ने गोली चलाई।
मां के अनुसार, लगभग 2 महीने पहले दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने की आशंका जताई जा रही है।
एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को मिली। पुलिस टीम एफएसएल, सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम के साथ मौके पर पहुंची। वहां से कई अहम सबूत बरामद कर जांच के लिए भेजे गए हैं।
पुलिस का कहना है कि पीड़ित की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
