लैंड क्रूज़र धोखाधड़ी और रिवॉल्वर से धमकी…पेट्रोल पंप मालिक गिरफ्तार!

गुरुग्राम में सेक्टर-14 के एक रेस्टोरेंट में व्यक्ति को रिवॉल्वर दिखाकर डराने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लाइसेंसी रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 9 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में मौजूद था, तभी वहां पहले से बैठे नवीन पाल सिंह ने उससे बहसबाजी शुरू कर दी।

पुरानी दोस्ती बनी बड़ा विवाद

जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपी पहले दोस्त रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि नवीन पाल ने कुछ समय पहले उसकी लैंड क्रूज़र कार घूमने के बहाने ली थी और बाद में उसे चुपचाप बेच दिया। इस मामले में वर्ष 2020 में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ था।

आरोप है कि नवीन पाल उस केस को वापस लेने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। रेस्टोरेंट में भी उसने इसी बात को लेकर गाली-गलौच की और फिर कार से रिवॉल्वर लाकर धमकाने लगा। आरोपित ने शिकायतकर्ता के साथ हाथापाई भी की।

क्राइम ब्रांच की मदद से गिरफ्तारी


शिकायत मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस ने टीम गठित की और अपराध शाखा सेक्टर-39 के सहयोग से 10 नवंबर को आरोपी को सेक्टर-14 इलाके से काबू कर लिया। आरोपी का घर सिविल लाइन्स, गुरुग्राम में है और वह पेट्रोल पंप का मालिक बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का एक और मामला पहले से दर्ज है। बरामद हथियार पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

आरोपी को 11 नवंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

More From Author

शादी से पहले मौत! शादी की खरीदारी कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत

किरायेदार या नौकर रखते हैं? गुरुग्राम प्रशासन ने जारी किए नए नियम!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *