अवैध कट, अवैध एंट्री—अब सब बंद! सुरक्षित होगा द्वारका एक्सप्रेसवे

द्वारका एक्सप्रेसवे पर सफर को सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ करीब 5 फीट ऊंची रैलिंग लगाई जा रही है, ताकि आवारा पशु सड़क पर न आ सकें और दुर्घटनाओं की संभावनाएं खत्म हो सकें। साथ ही एक्सप्रेसवे पर बने करीब 45 से 50 अवैध कट भी बंद किए जाएंगे।

18 किमी हिस्से में बढ़ेगी सुरक्षा

करीब 29 किमी लंबे द्वारका एक्सप्रेसवे में से 18 किमी हिस्सा गुरुग्राम में आता है। दिल्ली-जयपुर हाईवे से दिल्ली जाने वाले वाहन ऊपर से गुजरते हैं, जबकि सेक्टर-81 से 115 के निवासी नीचे बनी रोड का उपयोग करते हैं। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन अधिक है, जिसके कारण पशु कई बार हरे क्षेत्र में घुस जाते हैं और हादसों का खतरा बना रहता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए एनएचएआई ने 50 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है और फिलहाल रैलिंग लगाने का काम तेजी से चल रहा है।

धीमी गति से चल रहा सर्विस रोड निर्माण

जीएमडीए की ओर से द्वारका एक्सप्रेसवे के 15 किमी हिस्से में दोनों तरफ 7.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड बनाई जानी है। हालांकि टेंडर के अनुसार यह काम ढाई साल में पूरा होना चाहिए था, लेकिन एक साल नौ महीने में सिर्फ 55% काम ही पूरा हो सका है।

सोसाइटी और बिल्डरों का विरोध


द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास करीब दो दर्जन रिहायशी सोसाइटियां और कई दुकानें बनी हुई हैं। कई सोसाइटी और बिल्डर रैलिंग का विरोध कर रहे हैं।
दो दिन पहले सेक्टर-99 में ठेकेदारों के साथ सोसाइटी सुरक्षा कर्मियों की कहासुनी भी हुई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया।

बिल्डरों की मांग है कि जब तक सर्विस रोड पूरी तरह तैयार नहीं हो जाती, तब तक एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्ज़िट को बंद न किया जाए।

अवैध कट से बढ़ रहा हादसों का खतरा


सोसाइटियों द्वारा एक्सप्रेसवे पर अवैध कट खोलने का आरोप है। करीब 50 अवैध कट्स से तेज रफ्तार वाहन सीधे एक्सप्रेसवे पर आ जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।

एनएचएआई का बयान


एनएचएआई परियोजना अधिकारी, आकाश पाधी ने कहा:
“द्वारका एक्सप्रेसवे पर यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए दोनों तरफ रैलिंग लगाई जा रही है। इससे आवारा पशु एक्सप्रेसवे पर नहीं आएंगे। साथ ही एक्सप्रेसवे पर बने करीब 50 अवैध कट को बंद किया जाएगा।”

More From Author

गुरुग्राम में ऑपरेशन ट्रैक डाउन… और फिर पुलिस ने दबोच लिए 289 कुख्यात अपराधी!

सस्ते घर खरीदने का सबसे बड़ा मौका! जानें पूरी प्रक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *