2006 की खौफनाक हत्या का फरार आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा

गुरुग्राम पुलिस ने वर्ष 2006 के एक चर्चित हत्याकांड में बड़ी कामयाबी हासिल की है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उम्रकैद के सजायाफ्ता आरोपी मधुबन (40 वर्ष) को 24 दिसंबर 2025 को गांव आटोहा, जिला पलवल से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार मधुबन पर अपने ही मालिक जगमाल ठाकरान एडवोकेट की हत्या का आरोप है। यह वारदात 13 मई 2006 को गुरुग्राम में हुई थी। आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर अपने मालिक की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने शव को फार्म हाउस में रखे एक संदूक में छिपा दिया और मृतक की गाड़ी व अन्य सामान लेकर फरार हो गया था।

इस मामले में थाना सदर गुरुग्राम में धारा 302, 201 और 404 IPC के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अदालत ने 05 मार्च 2008 को उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

वर्ष 2011 में आरोपी जमानत पर बाहर आ गया था, लेकिन बाद में उसकी जमानत रद्द कर दी गई। इसके बाद से वह लगातार जगह बदलता रहा और पुलिस से बचता रहा।

लंबे समय से उसकी तलाश कर रही गुरुग्राम पुलिस को आखिरकार सफलता मिली। निरीक्षक नरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में मुख्य सिपाही प्रवीण, सिपाही योगेंद्र, प्रियंक और अजीत शामिल थे।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि कानून से भागने वाले अपराधी कितने भी समय तक छिपे रहें, उन्हें पकड़ा जरूर जाता है।


More From Author

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो में बड़ा बदलाव: 6 में से 4 अंडरपास निर्माण से बाहर

गुड़गांव में मोबाइल चोर ‘वकील’ गिरफ्तार !

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *