गुरुग्राम के सेक्टर 89 इलाके में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक साथ चार फर्नीचर गोदामों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं के गुबार से भर गया और चारों गोदाम इसकी चपेट में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए अधिकारियों का कहना है कि इसे पूरी तरह नियंत्रित करने में काफी समय लग सकता है।
वेल्डिंग स्पार्क बनी आग की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी (स्पार्क) लकड़ी और अन्य ज्वलनशील सामग्री पर गिर गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच अभी जारी है।

कई मालिकों के गोदाम हुए प्रभावित
जानकारी के अनुसार, इन गोदामों के मालिक अलग-अलग हैं। इनमें यूपी निवासी जैद खान सहित जावेद, शाद, नौशाद, जुबेर, जाहिर, असगर खान और शमशेर खान शामिल हैं। सभी गोदामों में पुराना और नया फर्नीचर बड़ी मात्रा में रखा हुआ था, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।

अभी तक कोई हताहत नहीं
फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि गोदामों में रखा लाखों रुपये का फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान जलकर राख हो गया है।

ट्रैफिक डायवर्ट, इलाके को किया गया सील
पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया है और आसपास की सड़कों पर यातायात को डायवर्ट कर दिया गया है। साथ ही गोदाम मालिकों से पूछताछ भी शुरू कर दी गई है।
पेट्रोल पंप को कराया गया बंद
घटनास्थल के बिल्कुल पास स्थित नायरा कंपनी का पेट्रोल और सीएनजी पंप भी खतरे की जद में आ गया था। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए फायर ब्रिगेड ने तुरंत पंप को बंद करवा दिया और वहां एक फायर टेंडर तैनात कर दिया गया।
नुकसान का आकलन बाद में
अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन किया जा सकेगा। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।
