गुरुग्राम में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक पल की चूक ने 21 साल के युवक की जान ले ली। पालम विहार थाना क्षेत्र में कापसहेड़ा बॉर्डर रोड पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया।

दोस्त से मिलकर लौट रहा था… रास्ते में हुआ हादसा
मृतक की पहचान सेक्टर-41 की लासम-2 सोसाइटी निवासी संभव निगम के रूप में हुई है। वह रविवार को अपनी अमेज कार से पालम विहार में रहने वाले दोस्त से मिलने गए थे। वापसी के दौरान सीएनजी पंप के पास जैसे ही उन्होंने यू-टर्न लेने की कोशिश की, उसी समय गुरुग्राम की तरफ से आ रही तेज रफ्तार सिटी बस ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी खतरनाक… कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस की विंडशील्ड भी चकनाचूर हो गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
गंभीर रूप से घायल संभव को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद रविवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
टक्कर मारकर चालक फरार
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसे भी मामूली चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस तेज रफ्तार में थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संभव निगम एक निजी कंपनी में काम करते थे और उनके पिता अमित निगम व्यवसायी हैं। बेटे की अचानक मौत से परिवार सदमे में है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
पालम विहार थाना पुलिस ने सिटी बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है और गुरुगमन सिटी बस डिपो से चालकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
