गुरुग्राम में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पचगांव-जमालपुर रोड पर मोकलवास गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत में पटवारी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें बैठे लोग अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद मौके पर जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। कार की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
गंभीर हालत में तीनों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
मृतकों में पटवारी, पूर्व सैनिक और किसान शामिल
पुलिस ने मृतकों की पहचान पुखरपुर गांव निवासी कुलदीप (40), नवल सिंह (68) और समय सिंह (70) के रूप में की है।
बताया जा रहा है कि कुलदीप HSIIDC में पटवारी के पद पर तैनात थे। वहीं नवल सिंह भारतीय सेना से रिटायर्ड हवलदार थे और समय सिंह खेती-बाड़ी का काम करते थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया।
काम से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार तीनों बुधवार दोपहर किसी जरूरी काम से जमालपुर गए थे। देर शाम वे ब्रेजा कार से अपने गांव पुखरपुर लौट रहे थे। कार कुलदीप चला रहे थे। जैसे ही उनकी कार मोकलवास गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया।
ट्रक जब्त, आरोपी चालक फरार
जमालपुर चौकी के जांच अधिकारी उदयवीर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
