सोहना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला इनेलो के जिला अध्यक्ष रोहतास खटाना के बंद पड़े अंश होटल से सामने आया है, जहां अज्ञात चोरों ने होटल का ताला तोड़कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अंश होटल पिछले करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ा था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने देर रात होटल में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोर होटल में लगे एसी के कॉपर पाइप, बाथरूम की पीतल की टूटियां और बिजली के तार काटकर अपने साथ ले गए।
बताया जा रहा है कि चोर एक सीढ़ी की मदद से होटल की छत तक पहुंचे और वहां लगे एसी के आउटडोर यूनिट से भी कॉपर पाइप चोरी कर लिए। चोरी की इस वारदात से होटल मालिक को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है।

होटल मालिक ने पुलिस को दी सूचना
चोरी की जानकारी मिलने के बाद होटल मालिक और इनेलो जिला अध्यक्ष Rohtas Khatana ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी की इस वारदात को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया है।
क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाएं
सोहना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। लोगों का कहना है कि बंद पड़े मकानों और दुकानों को चोर लगातार निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी तक इन घटनाओं पर पूरी तरह लगाम नहीं लगा पाई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
