गुड़गांव में नगर निगम गुरुग्राम (MCG) के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब और उग्र हो गई है। सोमवार को कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल 14 मई तक बढ़ाने का ऐलान करते हुए शहर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मचारियों ने कई जगहों पर कूड़े से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर खाली कर दीं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुराना जेल चौक, नगर निगम के पुराने कार्यालय के बाहर और पुराने नागरिक अस्पताल की पार्किंग के सामने कर्मचारियों ने सड़क पर कूड़ा डालकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार पर वादा खिलाफी, तानाशाही और कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप लगाया।
थाली बजाकर जताया विरोध
सफाई कर्मचारियों ने अधिकारियों और सरकार के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध जताते हुए शहर में थाली बजाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता से समर्थन की अपील भी की।

प्रदर्शन की शुरुआत पुराने नगर निगम कार्यालय से हुई। इसके बाद कर्मचारी अग्रसेन चौक, सेशन हाउस, मोरनी चौक, पुराना जेल चौक, सिद्धेश्वर मंदिर, गुरुद्वारा रोड और अग्रवाल धर्मशाला चौक से होते हुए वापस निगम कार्यालय पहुंचे। पूरे प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए।
17 मांगों को लेकर अड़े कर्मचारी
प्रदर्शन की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार ने की, जबकि संचालन एसकेएस ब्लॉक सचिव महेश कुमार और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य सह सचिव सुशीला देवी और राज्य उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने कहा कि गुरुग्राम के 3480 सफाई कर्मचारियों समेत अन्य नगर निगमों और नगर परिषदों के छंटनीग्रस्त कर्मचारियों को दोबारा विभागीय रोल पर लिया जाए।
कर्मचारियों ने मांग की कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमे, चार्जशीट और अन्य कार्रवाई तुरंत वापस ली जाए। साथ ही 2023 की हड़ताल अवधि का वेतन जारी किया जाए और 26 कर्मचारी नेताओं का सर्विस ब्रेक खत्म किया जाए।
कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा कि जब तक उनकी 17 सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
